उत्तर प्रदेश में पॉलीटेक्निक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों को रोजगारपरक और तकनीक आधारित बनाने के लिए उनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को शामिल करने की तैयारी चल रही है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव एसके सिंह के अनुसार, वर्तमान में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में AI जोड़ने का प्रस्ताव उच्च स्तर पर विचाराधीन है और समिति के पास भेजा गया है। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले इस पर निर्णय होने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नई तकनीक के अनुरूप दक्ष बनाना है।
पॉलीटेक्निक डिप्लोमा में प्रवेश के लिए एक दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विद्यार्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
डिप्लोमा के बाद विद्यार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट व्यवस्था मजबूत की जा रही है। इसके लिए एक केंद्र की स्थापना की गई है और प्रत्येक जिले में एक राजकीय पॉलीटेक्निक को नोडल संस्थान बनाया गया है।
पॉलीटेक्निक में सीटों का निर्धारण तकनीकी शिक्षा परिषद की ओर से तय मानकों के आधार पर किया जाता है। उल्लेखनीय है कि कई व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की मांग बढ़ रही है, लेकिन सीटों में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है।
