बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' बुधवार सुबह 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अकवान 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और 19 नवंबर की शाम के आसपास 'बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान' में और तेज हो सकता है। विभाग ने बुधवार और गुरुवार को कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। ओडिशा में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बताया गया है, जबकि आंध्र प्रदेश में तीन हफ्तों में तीसरे लैंडफॉल की आशंका के बीच तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अकवान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश-यानम तट पर नेल्लोर के पास टकराएगा।
तूफानों के नामकरण का मकसद उन्हें पहचानना आसान बनाना है। इससे मौसम विज्ञान एजेंसियों, आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों, मीडिया और आम जनता के लिए चेतावनी फैलाना सरल होता है। एक ही क्षेत्र में एक साथ कई चक्रवात बनने पर भी नाम से भ्रम की स्थिति दूर होती है।
अकवान नाम क्षेत्रीय चक्रवात-नामकरण प्रणाली के तहत ईरान ने सुझाया है। उत्तरी हिंद महासागर में तूफानों के नामकरण की यह व्यवस्था विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और एशिया एवं प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (UNESCAP) के तहत चलाई जाती है। इसमें 13 सदस्य देश बारी-बारी से नाम देते हैं और हर देश 13 नाम सुझाता है, यानी सूची में कुल 169 नाम हैं।
अकवान नाम की जड़ें फारसी पौराणिक कथाओं में हैं। फिरदौसी की महाकाव्य 'शाहनामा' में 'अकवान-ए-दिव' नाम के राक्षस जैसे पात्र का जिक्र है, जो जंगली गधे का रूप धारण कर फारसी नायक रुस्तम पर हमला करता है। कहानी के मुताबिक अकवान रुस्तम को हवा में उठाकर पूछता है कि उसे समुद्र में फेंके या पहाड़ पर; रुस्तम के पहाड़ कहने के उलट वह उसे समुद्र में फेंक देता है। अंत में रुस्तम इस लड़ाई से बच निकलता है और अकवान को हरा देता है।
