देहरादून में पिछले दो साल में हत्या की चार ऐसी वारदातें सामने आई हैं, जिनमें आरोपितों ने शव जंगलों में छिपाए। पुलिस के अनुसार अपराधी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने और लोगों की आवाजाही कम होने के कारण सुनसान जंगलों को शव ठिकाने लगाने के लिए चुन रहे हैं। जंगलों में शव मिलने पर पुलिस के सामने सबसे पहले मृतक की पहचान और मौत की वजह पता लगाने की चुनौती होती है। इसके बाद घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों तक पहुंचने की कवायद शुरू होती है। जंगलों का बड़ा क्षेत्र और सीमित निगरानी जांच को और चुनौतीपूर्ण बना देती है।
पहली वारदात 11 मार्च को प्रेमनगर क्षेत्र में बालासुंदरी मंदिर के निकट जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने से सामने आई। जांच में पता चला कि प्रेम संबंधों के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की।
दूसरी वारदात में जमालपुर कला कनखल निवासी शहरूल जहां ने पटेलनगर कोतवाली में अपनी 24 वर्षीय बेटी शहनूर की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि शहनूर संस्कृति विहार कालोनी में राशिद निवासी बागोवाली, थाना नई मंडी, जिला मुजफ्फरनगर (यूपी) के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। राशिद को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो पता चला कि उसने 27 दिसंबर 2023 को शहनूर की गला दबाकर हत्या की और शव आशारोड़ी जंगल में फेंक दिया।
तीसरी वारदात में नौ फरवरी 2026 को आरोपितों ने मिलकर दिगंबर धीमान की हत्या कर शव चिड़ियापुर के जंगल में छिपा दिया। मृतक के पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर शव चिड़ियापुर के जंगल से बरामद किया गया।
