दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित जीवन बीमा पॉलिसी पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे।
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के मुताबिक, पालम के महावीर एन्क्लेव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने 14 जुलाई 2020 को जीवन बीमा पॉलिसी ली थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण प्रीमियम नहीं भर पाए। इसके बाद कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे संपर्क कर पॉलिसी पर लोन दिलाने का भरोसा दिया। आरोपितों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज, विड्रॉल चार्ज, जीएसटी और अन्य खर्चों के नाम पर बार-बार पैसे देने के लिए राजी कर लिया। फर्जी दस्तावेज भी भेजे गए, जिनमें दावा किया गया कि खाते में 41,94,659.83 रुपये जमा हो गए हैं और यह रकम जारी कराने के लिए और पैसे मांगे गए। पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2,76,012 रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन न लोन मिला और न पैसे वापस हुए।
एसएचओ इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक की देखरेख और एसीपी (ऑपरेशंस) संदीप घई के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से 2,10,000 रुपये अंसार अहमद के नाम पर रजिस्टर्ड बैंक खाते में जमा किए गए थे, जिसके बाद यह रकम तारीफ अनवर से जुड़े खातों में ट्रांसफर की गई। तकनीकी निगरानी और वित्तीय विश्लेषण के जरिए तारीफ अनवर की पहचान हुई, जिसे उत्तर प्रदेश के लोनी से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान तारीफ अनवर ने बताया कि उसने अपने साथियों अमित कुमार शर्मा और ओमेश्वर दयाल शर्मा के जरिए जीवन बीमा पॉलिसी धारकों की जानकारी हासिल की थी। आगे की जांच में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से अंसार अहमद, अमित कुमार शर्मा और ओमेश्वर दयाल शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपित एक संगठित अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह के जालसाज के रूप में काम कर रहे थे। इनके पास से छह मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें लेन-देन से संबंधित चैट, खाते का विवरण, लॉग-इन क्रेडेंशियल और अन्य डिजिटल सबूत मौजूद हैं।
