झज्जर के बेरी-कलानौर रोड पर मंगलवार रात एक सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल प्रदीप कुमार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रोहतक जिले के गांव काहनौर निवासी प्रदीप ड्यूटी पूरी करने के बाद बुलेट मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एडीएस शराब फैक्ट्री के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। रात करीब एक बजे वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल हालत में मिले।
घायल प्रदीप को सामान्य अस्पताल झज्जर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार को झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
प्रदीप कुमार वर्ष 2012 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। वह विवाहित थे और उनके एक बेटा और एक बेटी है। उनकी मौत की खबर से गांव काहनौर में शोक का माहौल है।
