पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में अपने म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा को स्टेज पर बुलाया और उनके साथ डांस किया। सिंगर ने यह पल इंस्टाग्राम पर साझा किया है। इस कॉन्सर्ट में भीड़ के बीच करिश्मा कपूर भी दिलजीत का परफॉर्मेंस एंजॉय करती और अपने कैमरे में रेकॉर्ड करती नजर आईं।

दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे स्टेज पर परफॉर्म करते दिख रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने सान्या मल्होत्रा की तरफ हाथ बढ़ाया और उन्हें स्टेज पर आने के लिए बुलाया। सान्या इस पल को लेकर काफी खुश और सरप्राइज नजर आईं। इसके बाद दिलजीत ने 'चार्मर' गाना गाया और सान्या के साथ स्टेज पर डांस भी किया। वीडियो शेयर करते हुए दिलजीत ने लिखा, 'मुंबई में सान्या जी के साथ, क्या चार्म है।' गाना 'चार्मर' दिलजीत के एल्बम 'औरा' का हिस्सा है, जिसे राज रंजोध ने लिखा और कंपोज किया है, जबकि म्यूजिक प्रोडक्शन एवी सरा ने किया है।

कॉन्सर्ट में भीड़ के बीच करिश्मा कपूर भी नजर आईं। वह अपने दोस्तों के साथ इवेंट में पहुंचीं और दिलजीत के गानों पर झूमती दिखीं। करिश्मा अपने कैमरे से सिंगर का परफॉर्मेंस रेकॉर्ड करती भी नजर आईं।

बता दें कि इस कॉन्सर्ट को लेकर दिलजीत को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं, जिसके बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया और बीडीडीएस की टीमों ने इवेंट से पहले कार्यक्रम स्थल की जांच की। धमकी के चलते सभी पांचों गेटों पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई थी। परफॉर्मेंस से पहले दिलजीत ने धमकियों पर बात करते हुए कहा था कि वह हमेशा प्यार से ही जवाब देंगे। उन्होंने कहा, 'शहरों में बारूद का मौसम है, गांवों में अमरूद का मौसम है। मेरी तरफ से तुम्हें प्यार है...तुम चाहे भले बम फेंको...मेरी तरफ से प्यार है।' सिंगर ने सोशल मीडिया पर तगड़ी सिक्यॉरिटी के लिए मुंबई पुलिस को धन्यवाद भी कहा है।