50 साल पहले बनी श्याम बेनेगल की फिल्म 'मंथन' भारत की पहली क्राउडफंडेड फिल्म मानी जाती है। इसे गुजरात के 5 लाख डेयरी किसानों ने फंड दिया था, जिनमें से हर एक ने 2-2 रुपये का योगदान दिया था। फिल्म की कहानी डॉ. वर्गीज कुरियन और नाटककार विजय तेंदुलकर ने मिलकर लिखी थी, जो 'श्वेत क्रांति' और दुग्ध सहकारी आंदोलन से प्रेरित थी।

बताया जाता है कि जब 'श्वेत क्रांति' के जनक डॉ. कुरियन ने कहा कि उनके पास फिल्म बनाने के लिए पैसे नहीं हैं, तो 5 लाख किसानों ने इस प्रोजेक्ट के लिए 2-2 रुपये का योगदान दिया। फिल्म की शूटिंग वाली जगह पर पानी की भारी कमी थी और स्थानीय लोग कई दिनों तक नहा नहीं पाते थे। इस कारण बेनेगल ने मुख्य कलाकारों को 45 दिनों तक एक ही तरह के कपड़े पहने रखने को कहा।

1976 की इस हिंदी फिल्म में गिरीश कर्नाड, स्मिता पाटिल, नसीरुद्दीन शाह और अमरीश पुरी जैसे कलाकारों ने काम किया था। फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफल रही, बल्कि सामूहिक शक्ति का उदाहरण भी पेश किया।

'मंथन' ने 1977 में हिंदी में बेस्ट फीचर फिल्म के लिए नेशनल फिल्म पुरस्कार जीता और विजय तेंदुलकर को बेस्ट स्क्रीनप्ले के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला।