सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) और जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मीडिया स्टडीज के बीच बुधवार को एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। शासन सचिवालय, जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव राकेश शर्मा और स्कूल ऑफ मीडिया स्टडीज के निदेशक डॉ. मौलिक शाह ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह पहल राज्य सरकार के कौशल विकास मिशन की दिशा में उठाया गया कदम बताया गया है, जिसका उद्देश्य भावी मीडिया पेशेवरों के कौशल विकास और व्यावहारिक प्रशिक्षण को बढ़ावा देना है।
एमओयू के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, शैक्षणिक भ्रमण, विशेषज्ञों के साथ संवाद और व्यावसायिक मार्गदर्शन के अवसर उपलब्ध कराएगा। विद्यार्थियों को विभाग की प्रकाशन गतिविधियों, डिजिटल संचार, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता अभियानों तथा जनसंपर्क की विभिन्न कार्यप्रणालियों को नजदीक से समझने का अवसर भी मिलेगा। इससे उनमें मीडिया उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने और जिम्मेदार जनसंचार की समझ बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आयुक्त राकेश शर्मा ने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों को कक्षाओं से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विभाग के अनुभवी अधिकारियों एवं संचार विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को जनसंपर्क और सरकारी संचार की कार्यप्रणाली समझने में मदद मिलेगी तथा ऐसे संस्थागत सहयोग से शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी संचार व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल ऑफ मीडिया स्टडीज के प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने आयुक्त को जयपुर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पुस्तक Cultural Odyssey of Rajasthan भेंट की। आयुक्त शर्मा ने पुस्तक की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मकता, शोध एवं दस्तावेजीकरण क्षमता की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे प्रयास राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्कूल की व्यावहारिक एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति की भी सराहना की तथा विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास के लिए विभाग की ओर से निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
