ग्रेटर नोएडा के दादरी की बहू और हेयर एवं स्किन केयर विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी शर्मा ने प्रदेश स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता मिसेज उत्तर प्रदेश क्वीन ऑफ उत्तर प्रदेश सीजन-4 में फर्स्ट रनर-अप गोल्ड का खिताब हासिल किया है। यह भव्य कार्यक्रम 15 नवंबर 2026 को राजधानी लखनऊ के होटल रमाडा में आयोजित हुआ। डॉ. पल्लवी शर्मा ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और बेहतरीन प्रस्तुति के दम पर यह उपलब्धि अपने नाम की। समारोह में मिस बुल्गारिया ने उन्हें मंच पर ताज पहनाकर सम्मानित किया, साथ ही ट्रॉफी और उपलब्धि प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से दादरी क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है और इलाके में खुशी का माहौल है।
डॉ. पल्लवी शर्मा दादरी में ‘डॉ. पल्लवी शर्मा स्किन, हेयर एंड लेजर क्लिनिक’ चलाती हैं। वह एक अनुभवी चिकित्सक एवं शिक्षाविद् हैं और उन्होंने BHMS एवं MD की उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में वे अहमदाबाद स्थित होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, खेड़ा ब्रह्मा में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे दादरी में तहसील के सामने स्थित अपने स्किन, हेयर एवं लेजर क्लिनिक का संचालन भी कर रही हैं।
चिकित्सा क्षेत्र की पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ डॉ. पल्लवी शर्मा अपने परिवार की जिम्मेदारियां भी अच्छी तरह निभाती हैं। वह दो बच्चों की मां हैं, जिनमें बेटी 9 वर्ष और बेटा 7 वर्ष का है। उनके पति पवन शर्मा व्यवसायी हैं। परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों के बीच अपने पेशे और रुचियों के लिए समय निकालकर यह सफलता हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का प्रमाण है।
