पूर्वी दिल्ली के शिव विहार इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां सोफे पर सो रहा नौ साल का बच्चा आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया। मृतक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ शिव विहार में रहता था। परिवार में पिता जितेंद्र कुमार, मां और एक छोटा भाई है। जितेंद्र कपड़े की दुकान पर काम करते हैं।

परिवार के मुताबिक, रात करीब 11 बजे प्रियांशु कमरे में सोफे पर सो रहा था, जबकि उसके माता-पिता रसोई के पास बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान सोफे के पास लगे बिजली के सॉकेट से चिंगारियां निकलने लगीं और सोफे में आग लग गई। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी। सोफे में लगी फोम की वजह से आग बहुत तेजी से फैली। माता-पिता बच्चे को आग की लपटों के बीच से निकाल नहीं सके। जब तक उन्होंने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, तब तक बच्चा काफी हद तक जल चुका था।

सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के जरिये बच्चे को राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोकलपुरी थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत की धारा में केस दर्ज किया है।

पुलिस और विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी घटनाओं से बचने के लिए घरों में अच्छी गुणवत्ता की वायरिंग लगवानी चाहिए और पुरानी वायरिंग बदलनी चाहिए। कटे-फटे या जले हुए तार तुरंत बदलवाएं। एक ही सॉकेट में कई उपकरण या एक्सटेंशन बोर्ड न लगाएं। सर्किट में सही क्षमता की एमसीबी और आरसीसीबी/ईएलसीबी लगवाएं, जिससे करंट लीकेज होने पर बिजली की आपूर्ति बंद हो जाए। गीले हाथों से स्विच न छुएं और बिजली के उपकरणों को पानी से दूर रखें। इस्तेमाल न होने पर उपकरणों के प्लग निकाल दें। ढीले सॉकेट ठीक करवाएं और स्विच बोर्ड से चिंगारी निकलने या जलने की गंध आने पर तुरंत जांच करवाएं।