फरीदाबाद के पाली निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन सीमेंट खरीदने के चक्कर में 93 हजार रुपये की साइबर ठगी का शिकार होना पड़ा। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने इस मामले में दिल्ली से सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपित दिल्ली में साइबर ठगी के एक अन्य मामले में जेल में बंद थे और उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर फरीदाबाद लाया गया था।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित को 300 कट्टे सीमेंट की जरूरत थी। 23 अगस्त को उसके पड़ोसी ने गूगल पर सीमेंट विक्रेता का मोबाइल नंबर तलाश कर उसे दिया। पीड़ित ने उस नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद आरोपितों ने सीमेंट सप्लाई का भरोसा देकर ऑनलाइन भुगतान के लिए स्कैनर भेज दिया। पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 93 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न सीमेंट पहुंचा और न ही आरोपितों ने फोन उठाया।

जांच में पुलिस ने मोनू, सुगम, मनीष, मिथुन, रितिक, हिमांशु और रोहन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि सुगम, रोहन, मनीष और रितिक दिल्ली में फर्जी कॉल सेंटर चलाते थे, जबकि मोनू, मिथुन और हिमांशु कॉलर के रूप में लोगों को सीमेंट विक्रेता बनकर फंसाते थे। ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाकर आपस में बांट ली जाती थी।

पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को वापस दिल्ली जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।