श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अपनी डीड में संशोधन की तैयारी कर रहा है। इसका उद्देश्य डीड में सीईओ की नियुक्ति का प्रावधान शामिल करना और कानूनी कमियों तथा दोहराए गए प्रावधानों को दुरुस्त करना है। ट्रस्ट में सीईओ की नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन डीड में अब तक इसका प्रावधान नहीं है।
महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने अयोध्या में मीडिया से अनौपचारिक चर्चा में डीड में संशोधन की संभावना की पुष्टि की थी। उनके अनुसार, डीड में कुछ स्थानों पर एक ही बात दोहराई गई है और ऐसे प्रावधानों को कानूनी रूप से व्यवस्थित कर डीड को अधिक स्पष्ट और विधिसम्मत बनाया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि डीड में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और ट्रस्ट की मूल भावना तथा नीति प्रभावित नहीं होगी।
संशोधन की प्रक्रिया ट्रस्टी और प्रख्यात अधिवक्ता पद्मश्री के परासरन के निर्देशन में होगी। कानूनी पहलुओं की समीक्षा के बाद संशोधन का मसविदा तैयार किया गया है। ट्रस्टियों के बीच संशोधन के बिंदुओं को अंतिम रूप देने पर मंथन चल रहा है। दो सितंबर को मणिरामदासजी की छावनी में हुई ट्रस्ट बैठक के एजेंडे में भी डीड में संशोधन का विषय शामिल था, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं हो सका था। उसी बैठक में ट्रस्ट ने सेवानिवृत्त एयरमार्शल जितेंद्र मिश्रा को सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की थी।
ट्रस्ट की अगली बैठक दो दिसंबर को प्रस्तावित है और संभावना है कि संशोधन संबंधी प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर बैठक में रखा जाए। बैठक से दो दिन पूर्व 30 नवंबर को महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि अयोध्या पहुंच जाएंगे। आगामी बैठक में मीडिया से संवाद के लिए प्रवक्ता की नियुक्ति पर भी मुहर लग सकती है। वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह समाचार प्रबंधक के रूप में कार्य कर रहे हैं और उनके नाम की घोषणा बैठक में हो सकती है। साथ ही 28 अक्टूबर को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए गठित स्थाई समिति की बैठक में पारित प्रस्तावों को भी ट्रस्ट बैठक में रखा जाएगा।
