फरीदाबाद में सोमवार को सातवें विश्व भूस्खलन मंच का शुभारंभ हुआ, जिसमें 75 देशों के विशेषज्ञ भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने की रणनीति पर विचार कर रहे हैं। अमृता विश्व विद्यापीठम के परिसर में आयोजित इस मंच का उद्घाटन केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया। भारत और दक्षिण एशिया में पहली बार आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय मंच को 27 नवंबर तक चलना है।
आयोजन में 700 से अधिक शोधपत्र और सार प्राप्त हुए हैं। मंच पर भूस्खलन की पूर्व चेतावनी, आधुनिक तकनीक, जोखिम आकलन और सुरक्षित निर्माण जैसे विषयों पर मंथन हो रहा है। भूस्खलन से बचाव के लिए प्रस्तावित फरीदाबाद घोषणा-पत्र भी विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। मंच का विषय सुरक्षित एवं आपदा-सहनीय समुदायों के लिए भूस्खलन विज्ञान और व्यवहार रखा गया है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत भूस्खलन जोखिम से निपटने के अपने दृष्टिकोण को लगातार सशक्त कर रहा है। आपदा के बाद कार्रवाई करने से आगे बढ़कर रोकथाम, पूर्वानुमान और तैयारी में निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमालय और पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिमी घाट तक फैली देश की विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण निरंतर शोध और समन्वय का विशेष महत्व है। भूस्खलन संवेदनशीलता के मानचित्रण और पूर्वानुमान का विस्तार किया जा रहा है, बेहतर डेटाबेस तैयार किए जा रहे हैं और भू-स्थानिक तकनीकों, उपग्रह अवलोकनों, सेंसर तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मंच की अध्यक्ष और अमृता विश्व विद्यापीठम की प्रो-वाइस चांसलर डॉ. मनीषा विनोदिनी रमेश तथा अंतरराष्ट्रीय भूस्खलन संघ के अध्यक्ष प्रो. जेल्को अर्बानास ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीनिवास कुमार तुम्माला, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण एस. वत्सा और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के महानिदेशक दिनेश विट्ठलराव गनवीर शामिल हुए। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों में यूनेस्को की आपदा जोखिम न्यूनीकरण इकाई के प्रमुख डॉ. सोइचिरो यासुकावा, क्योटो लैंडस्लाइड कमिटमेंट 2020 के महासचिव प्रो. क्योजी सासा, अंतरराष्ट्रीय भूस्खलन कार्यक्रम और क्योटो लैंडस्लाइड कमिटमेंट की वैश्विक संवर्धन समिति के अध्यक्ष प्रो. मात्याज़ मिकोश तथा आइसीएल की निर्वाचित अध्यक्ष प्रो. इरासेमा अल्कांतारा-अयाला उपस्थित रहे। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी मंच को संबोधित करेंगे।
