सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को न्यायिक अधिकारियों द्वारा सेवा-संबंधी और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों के लिए बार-बार अदालत का रुख करने पर कड़ी आपत्ति जताई। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत ने ट्रायल कोर्ट में न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति और उनके कामकाज के तरीकों पर सवाल उठाए।
मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, जस्टिस जायमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच केरल में जिला न्यायाधीशों की भर्ती से जुड़े एक मामले की सुनवाई कर रही थी। यह मामला बार के सदस्यों के लिए आरक्षित सीधी भर्ती कोटा से संबंधित था।
सुनवाई के दौरान मौखिक टिप्पणी करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्यायिक अधिकारी अब कुछ ज्यादा ही मुंह खोल रहे हैं और हर मामले में आवेदन लेकर आ जाते हैं कि उन्हें यह दे दिया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि ये अधिकारी अदालतों में काम क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि अदालत को पता है कि वे कितने मामलों का निपटारा करते हैं और दिन भर क्या करते रहते हैं।
मुख्य न्यायाधीश ने काम के घंटों के दौरान कोर्ट रूम में न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सुबह 10 बजे कोर्ट में कोई नहीं मिलता और सब अपने चैंबर में बैठे रहते हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग 24 घंटे यही सोचते रहते हैं कि उन्हें कौन-कौन सी सुविधाएं और सेवा-लाभ मिल रहे हैं या उनकी सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाई जा रही है या नहीं, जबकि बाहर लोग कतार में इंतजाम कर रहे होते हैं और ये उन मामलों पर ध्यान नहीं देते।
