वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने भारत और नेपाल से विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों में आर्थिक एकीकरण मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर निर्माण और उत्पादन पर ध्यान देते हुए अपनी-अपनी क्षमताओं का लाभ उठाकर व्यापार और निवेश संबंधों का विस्तार कर सकते हैं।

प्रसाद का यह बयान नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के बीच आया है। उन्होंने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ (एफएनसीसीआई) की ओर से आयोजित भारत-नेपाल व्यापार बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मंत्री ने कहा कि भारत का बड़ा बाजार, प्रौद्योगिकी क्षमता और मजबूत विनिर्माण क्षेत्र तथा नेपाल के प्राकृतिक संसाधन, युवा कार्यबल और निवेश के बढ़ते अवसर दोनों देशों के बीच आर्थिक वृद्धि के अगले चरण को गति दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "भारत और नेपाल के बीच सीमा की लंबाई, हमारी संस्कृति की गहराई और खासकर युवाओं की ताकत दोनों देशों की आर्थिक प्रगति के अगले चरण को आगे बढ़ाने वाले कारक होंगे।"

प्रसाद ने विनिर्माण, बुनियादी ढांचे, डिजिटल संपर्क, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई।