अयोध्या में रेल सुविधाओं और ढांचे के विकास को नई गति मिली है। करीब 800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के तहत रेल लाइनों का दोहरीकरण और विद्युतीकरण, स्टेशनों का आधुनिक पुनर्विकास और नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और यात्रियों के आवागमन को सुविधा मिली है। राममंदिर निर्माण की शुरुआत के साथ ही इस परिकल्पना को धरातल पर उतारने की पहल शुरू हुई थी, जिसे धार्मिक और पर्यटन महत्ता से और बल मिला।

बाराबंकी-अयोध्या-जौनपुर रेलखंड पर लगभग 238 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य यातायात क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम रहा। अकबरपुर-अयोध्या कैंट-बाराबंकी और अयोध्या कैंट-सुल्तानपुर रेलखंड का विद्युतीकरण हुआ, जबकि अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दर्शननगर, भरतकुंड और रामघाट हाल्ट स्टेशनों का कायाकल्प हुआ। सलारपुर में फ्रेट टर्मिनल तथा बिल्हरघाट और रौजागांव में गुड्स शेड की सुविधाएं विकसित की गईं।

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का पहले चरण में 240 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास हुआ। मंदिर की स्थापत्य शैली पर आधारित तीन मंजिला भवन में लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रतीक्षालय, फूड प्लाजा, क्लॉक रूम, चाइल्ड केयर रूम, यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट विकसित किए गए। करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से 128 मीटर लंबा एयर कानकोर्स भी बनाया गया है। दूसरे चरण में करीब 484 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा प्रवेश द्वार, नया भवन और प्लेटफार्म चार से छह तक के विकास की योजना स्वीकृत है।

यात्री सुविधाओं के लिए अयोध्या कैंट-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस, दरभंगा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस, गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस, पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस और अयोध्या कैंट-कानपुर अनवरगंज इंटरसिटी सहित कई नई सेवाएं शुरू की गईं। छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस, कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस, प्रयागराज-बस्ती मनवर संगम, रामेश्वरम-फैजाबाद श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस और मऊ-लखनऊ एक्सप्रेस से भी रेल संपर्क का विस्तार हुआ। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि भव्य अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन का निर्माण जल्द शुरू होगा।