किसी सभ्यता की महानता उसके साम्राज्यों और स्मारकों के साथ-साथ इस बात से भी तय होती है कि वह अपने ज्ञान, स्मृतियों और सांस्कृतिक परंपराओं को कितनी जीवंतता से आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाती है। भारत उन विरल सभ्यताओं में है जहां स्थापत्य, साहित्य, दर्शन और लोक परंपराएं एक साथ प्रवाहित होती रही हैं। हाल में महाभारत, राजतरंगिणी और अर्थशास्त्र की पांडुलिपियों को यूनेस्को के ‘मेमोरी आफ द वर्ल्ड एशिया-पैसिफिक रीजनल रजिस्टर’ में स्थान मिलना इसी विरासत की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता है। 2024 में रामचरितमानस, पंचतंत्र और सहृदयालोक-लोचन को भी इसी रजिस्टर में जगह मिली थी।
इन ग्रंथों का महत्व इसलिए भी अधिक है कि ये भारतीय चिंतन की अलग-अलग लेकिन परस्पर जुड़ी परंपराओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। कल्हण रचित राजतरंगिणी ऐतिहासिक लेखन की एक विशिष्ट परंपरा प्रस्तुत करती है, जबकि महाभारत युद्ध की कथा से आगे बढ़कर धर्म, कर्तव्य, नैतिकता, सत्ता और मानवीय संबंधों के जटिल प्रश्नों पर विचार करता है। कौटिल्य का अर्थशास्त्र शासन, प्रशासन, आर्थिकी और कूटनीति के विषय में भारतीय चिंतन की परिपक्वता का प्रमाण है।
पिछले एक दशक में भारत की सांस्कृतिक यात्रा को वैश्विक पहचान दिलाने में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। ‘विकास भी, विरासत भी’ की सोच यह दर्शाती है कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं हैं। 2014 में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में भारत के 32 स्थल थे, जो अब बढ़कर 45 हो गए हैं। योग, कुंभ मेला, दुर्गा पूजा, गरबा, रामलीला और कालबेलिया परंपरा जैसी अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। 2025 में दीपावली को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया जाना भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
विदेश से 350 से अधिक प्राचीन धरोहरें वापस लाई गई हैं, जो सांस्कृतिक स्मृति के प्रति जिम्मेदारी का पुनर्स्थापन है। काशी विश्वनाथ धाम, केदारनाथ, महाकाल लोक और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण ने आस्था, स्थापत्य और सांस्कृतिक पहचान को जनसहभागिता से जोड़ा है। अजंता-एलोरा की गुफाएं, खजुराहो के मंदिर और नालंदा का प्राचीन परिसर अपने समय की कलात्मक उत्कृष्टता के साक्षी हैं। विरासत को यूनेस्को की सूची में स्थान मिलना अंतिम उपलब्धि नहीं; उसका वास्तविक मूल्य इससे तय होगा कि हम उसे कितना सुरक्षित रखते हैं, कितना शोध करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए कितना सुलभ बनाते हैं।
