नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास एक एटीएम में आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश के अनुसार, शाम करीब 3:54 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एटीएम के अंदर आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर कंट्रोल रूम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नजदीक में मौजूद एक क्यूआरवी और तीन फायर टेंडर को मौके पर रवाना किया।
अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर देखा गया तो एटीएम में आग लगी थी, जिसे पूरी तरह बुझा लिया गया है। उन्होंने बताया कि यहां दो एटीएम काउंटर थे, जिनमें कुल तीन मशीनें थीं। इनके पीछे एक सीसीटीवी रूम भी था, जहां गर्मी के कारण मशीनों और एसी आदि पर थोड़ा असर पड़ा है।
पत्रकार के एक सवाल के जवाब में दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि जानकारी के अनुसार एक एटीएम बैंक ऑफ बड़ौदा का था और दूसरा यूनियन बैंक का। उन्होंने बताया कि मौके पर कुल चार गाड़ियां भेजी गई थीं, जिनमें एक क्यूआरवी और तीन अन्य गाड़ियां शामिल थीं।
गनीमत रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
