आय से अधिक संपत्ति के मामले में घिरे अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली की विशेष अदालत ने पत्नी और बच्चों के साथ विदेश यात्रा की सशर्त अनुमति दे दी है। यह अनुमति 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक के लिए दी गई है। अदालत ने उन्हें आठ शर्तों का पालन करने का निर्देश दिया है।
अदालत के आदेश के अनुसार, विदेश रवाना होने से पहले मजीठिया को 30 लाख रुपये की बैंक गारंटी और इतनी ही राशि का क्षतिपूर्ति बांड जमा कराना होगा। यह बैंक गारंटी और बांड मोहाली शहर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले किसी स्थानीय बैंक से देना होगा, साथ ही एक जमानती भी पेश करना होगा। उन्हें विदेश में ठहरने का पूरा पता, सक्रिय मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पासपोर्ट की स्वप्रमाणित प्रति अदालत में जमा करानी होगी। अपनी चल और अचल संपत्तियों का पूरा विवरण, उनके स्थान और अनुमानित कीमत के साथ हलफनामा भी देना होगा।
मजीठिया ने अदालत में याचिका दायर कर विदेश जाने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने दलील दी थी कि इस मामले में उनका पासपोर्ट जांच एजेंसी के पास जमा है और वह पहले पुलिस सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति रहे हैं। उन्होंने कहा था कि सीमा पार आतंकी संगठनों और गैंगस्टरों की हिट लिस्ट में होने के कारण उनकी सुरक्षा को खतरा रहा है, इसलिए उन्होंने अपनी यात्रा का पूरा कार्यक्रम बंद लिफाफे में अदालत को सौंपा था। बचाव पक्ष ने कहा कि मामले में जांच पूरी हो चुकी है और 22 अगस्त 2025 को उनके खिलाफ चालान भी पेश किया जा चुका है। वह अब तक अदालत की कार्यवाही में लगातार पेश होते रहे हैं और पहले लगाई गई शर्तों का भी पालन किया है।
अदालत ने स्पष्ट किया है कि मजीठिया को 6 जनवरी 2027 तक हर हाल में भारत लौटना होगा। मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर विदेश में रुकने की अवधि बढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। सभी शर्तों का पालन और दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद ही पासपोर्ट अस्थायी तौर पर लौटाया जाएगा और भारत वापस आने पर उन्हें पासपोर्ट फिर अदालत में जमा कराना होगा। अदालत ने यह भी कहा कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान मजीठिया अपनी पहचान को लेकर कोई विवाद नहीं करेंगे और मुकदमे को लंबा खींचने का प्रयास नहीं किया जाएगा। किसी भी शर्त का उल्लंघन होने पर 30 लाख रुपये की बैंक गारंटी और इतनी ही राशि का क्षतिपूर्ति बांड बिना अलग सुनवाई के राज्य सरकार के पक्ष में जब्त किया जा सकता है।
