पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे नबील को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में थाने बुलाया गया था। बातचीत के दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर वार किए। घटना से थाने में अफरा-तफरी मच गई और घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हमले के बाद आरोपी नबील थाने से फरार हो गया और भागने के लिए रास्ते में एक दोपहिया वाहन लूट लिया। घटना की सूचना मिलते ही मध्य जिले की ऑपरेशंस यूनिट की टीम सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए चितली कब्र इलाके में उसे ढूंढ़ निकाला।
पुलिस के अनुसार, पकड़ने की कोशिश के दौरान आरोपी ने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा और उसे काबू करने के लिए गोली चलाई। पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
