रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह धुंध और कम दृश्यता के कारण विमान परिचालन प्रभावित रहा। हालांकि, सुबह के बाद विमानों की आवाजाही जारी रही। कुछ उड़ानें निर्धारित समय से पहले पहुंचीं, जबकि कई विमानों के आगमन और प्रस्थान में देरी दर्ज की गई। उड़ानवार जानकारी के अनुसार, दोपहर और शाम तक भी कुछ उड़ानें विलंब से संचालित हुईं।
दिल्ली से इंडिगो की उड़ान 6ई 2039 सुबह 7:07 बजे पहुंची, जो निर्धारित समय से आठ मिनट पहले थी। पुणे से 6ई 6484 दो मिनट विलंब से 7:32 बजे और कोलकाता से 6ई 7461 करीब 13 मिनट पहले 8:02 बजे पहुंची। एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से आने वाली आइएक्स 1046 सुबह 9:07 बजे और बेंगलुरु से आइएक्स 1239 सुबह 9:11 बजे पहुंची।
रांची से पटना जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 925 करीब 10 मिनट, मुंबई जाने वाली 6ई 6088 करीब 20 मिनट और दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की आइएक्स 1097 करीब 19 मिनट विलंब से रवाना हुई। मुंबई जाने वाली आइएक्स 1238 में भी नौ मिनट की देरी दर्ज की गई, जबकि बेंगलुरु जाने वाली आइएक्स 2176 निर्धारित समय पर रवाना हुई। आगमन में दिल्ली से आइएक्स 2764 दो मिनट और मुंबई से आइएक्स 1237 पांच मिनट पहले पहुंची। चेन्नई से आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 6113 भी निर्धारित समय से पहले रांची पहुंची।
इसी दिन बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमानन सुरक्षा जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और विमानन सुरक्षा, सतर्कता तथा परिचालन में उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट पर कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और विमानन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि सुरक्षित हवाई यात्रा के लिए हर स्तर पर सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है। विमानन क्षेत्र में छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए विमान परिचालन से लेकर यात्रियों की सुरक्षा और एयरपोर्ट की आधारभूत व्यवस्था तक निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन महत्वपूर्ण है। सप्ताह के दौरान सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
