लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सोमवार की शाम अचानक गायब हो गया। करीब 90 लाख फॉलोअर्स वाले इस पेज पर पार्टी कार्यक्रमों, बयानों और भाषणों के वीडियो लगातार अपडेट किए जाते रहे हैं। पेज के सस्पेंड होने से लोग अपने नेता से कनेक्ट नहीं हो पा रहे हैं, जिसको लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। अखिलेश यादव का अधिकारिक फेसबुक पेज @yadavakhilesh खोलने पर 'यह कंटेंट अभी उपलब्ध नहीं है' का संदेश आ रहा है।

पेज सस्पेंड होने की वजह अभी सामने नहीं आई है। चर्चा यह भी चल रही है कि कहीं पेज सेटिंग में कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई और पेज की लिमिट रिस्ट्रिक्ट किए जाने की बात कही जा रही है। इस मामले में अब तक मेटा या अखिलेश यादव की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सपा अध्यक्ष का फेसबुक अकाउंट पहले भी सस्पेंड हो चुका है। 10 अक्टूबर 2025 को उनके आधिकारिक पेज को सस्पेंड कर दिया गया था, जिसके बाद राजनीति काफी गरमाई थी। समाजवादी पार्टी ने इसे अघोषित आपातकाल और विपक्षी आवाज को दबाने की कोशिश करार दिया था। उस समय मेटा ने एडल्ट सेक्सुअल एक्सप्लोएटेशन एंड वायलेशन का हवाला दिया था, जिसे अखिलेश यादव की ओर से फ्लैगिंग बताया गया था। करीब 12 से 16 घंटे में पेज बहाल कर दिया गया था।

समाजवादी पार्टी इस समय यूपी चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी है और पार्टी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं और लोगों तक पहुंचती है। ऐसे में पेज के अचानक गायब होने का मामला गरमाता जा रहा है।