भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल मिलकर 76 यूटिलिटी हेलिकॉप्टर खरीदने की योजना बना रहे हैं। इस सौदे का अनुमानित मूल्य 15 हजार करोड़ रुपए है। ये हेलिकॉप्टर पुराने चीता और चेतक बेड़े की जगह लेंगे। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह प्रस्ताव जल्द ही रक्षा मंत्रालय की बैठक में चर्चा के लिए आ सकता है।

प्रस्तावित योजना के तहत नौसेना 51 और तटरक्षक बल 25 हेलिकॉप्टर खरीदेगा। इन हेलिकॉप्टरों का वजन पांच टन से अधिक होगा। खरीदी रक्षा बाय एंड मेक (इंडियन) श्रेणी के तहत की जाएगी, जिसमें भारतीय कंपनियां विदेशी ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) के साथ मिलकर हेलिकॉप्टर बनाएंगी। इसका उद्देश्य सरकार की मेक इन इंडिया पहल के तहत देश में हेलिकॉप्टरों का निर्माण है। दोनों सेनाओं ने मौजूदा दो इंजन वाले हेलिकॉप्टरों के संचालन में आ रही चुनौतियों के कारण पांच टन से भारी हेलिकॉप्टरों की जरूरत महसूस की है।

यह प्रस्ताव तीनों रक्षा सेवाओं के पुराने हेलिकॉप्टर बेड़े को बदलने की बड़ी योजना का हिस्सा है। थलसेना और वायुसेना भी 400 लाइट हेलिकॉप्टर खरीदने की योजना बना रही हैं, जिनमें से 200 हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) बनाएगा और बाकी 200 निजी कंपनियां विदेशी OEMs के साथ साझेदारी में तैयार करेंगी। रक्षा अधिग्रहण परिषद ने निजी कंपनियों से बनाए जाने वाले 200 हेलिकॉप्टरों के कार्यक्रम को हाल ही में मंजूरी दी है और जल्द टेंडर जारी होने की उम्मीद है।

नौसेना की अलग हेलिकॉप्टर योजनाओं में पहले 111 नेवल लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर खरीदने का प्रस्ताव शामिल था, जिसमें ज्यादा प्रगति नहीं हो सकी। नौसेना HAL से 60 यूटिलिटी हेलिकॉप्टर्स मरीन खरीदने की भी योजना बना रही है, जिन्हें HAL देश में विकसित कर रहा है। तीनों सेनाओं को मिलाकर करीब 500 लाइट हेलिकॉप्टरों की जरूरत है, जो सियाचिन से अरुणाचल प्रदेश तक की सीमाओं पर टोही और निगरानी अभियानों में अहम भूमिका निभाते हैं। नौसेना को खोज और बचाव अभियानों सहित अन्य संचालन भूमिकाओं के लिए लाइट मैरीटाइम हेलिकॉप्टरों की भी आवश्यकता है।