पूर्णिया जिले की बेटी और धमदाहा अंचल के सुंदर धरमपुर चिकनी की बहू डॉ. श्रुति झा ने गंभीर बीमारी और व्यक्तिगत त्रासदियों के बीच हिंदी साहित्य में दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की है। वे अभी दिल्ली विश्वविद्यालय के अधीन राजधानी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। चंद दिन पूर्व दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा उन्हें पीएचडी की उपाधि दी गई, जिसके बाद वे डॉ. श्रुति झा बन गईं।

जिले के डगरुआ अंचल की बेटी डॉ. श्रुति का दिल्ली विश्वविद्यालय से रिश्ता करीब दो दशक पुराना है। उन्होंने वर्ष 2010 में दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और 2012 में हिंदी साहित्य में एमए की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के एक हाई स्कूल में अध्यापिका के रूप में काम शुरू किया। वर्ष 2014 में उनकी शादी टीवी पत्रकार मनीष झा से हुई। साल 2015 में बोन मेरो की गंभीर समस्या के कारण उन्हें एम्स में जिंदगी और मौत के बीच जूझना पड़ा और अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी। इस दौरान उनके दो बड़े ऑपरेशन हुए और लंबे समय तक अस्पताल तथा बिस्तर पर रहना पड़ा। उस कठिन दौर में परिवार ने उन्हें हिम्मत देने के लिए पीएचडी करने का सपना देखा।

अस्पताल से व्हीलचेयर पर घर लौटने पर उन्हें एक और बड़ा दुख मिला—उनकी छोटी बहन नेहा इस दुनिया को अलविदा कह चुकी थीं। बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के कारण श्रुति करीब छह साल तक विश्वविद्यालय से दूर रहीं, लेकिन उन्होंने अपने शैक्षणिक सपनों को खत्म नहीं होने दिया। वर्ष 2018 में दिल्ली विश्वविद्यालय में एम.फिल. में दाखिले के साथ उनकी शैक्षणिक जिंदगी की दूसरी पारी शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने यूजीसी नेट की परीक्षा पास की और एम.फिल. के दौरान अपने बैच की टॉप सूची में जगह बनाई।

इस लंबे सफर में श्रुति मां भी बनीं। बेटे जय की परवरिश, घर-परिवार की जिम्मेदारियों और अपनी पढ़ाई के बीच उन्होंने संतुलन बनाया। दूसरी ओर, उनके पति मनीष झा की पत्रकारिता की जिम्मेदारियों के कारण अक्सर विदेश यात्राएं होती थीं। वर्ष 2023 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के राजधानी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के रूप में जॉइन किया। अब हिंदी साहित्य में पीएचडी की उपाधि हासिल कर उन्होंने अपने एक दशक पुराने सपने को पूरा कर लिया है।