समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां जमानत पर जेल से बाहर आ चुके हैं, लेकिन उनके खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों की फाइलें फिर खोली जा रही हैं। इनमें 19 साल पुराना एक हेट स्पीच मामला भी शामिल है, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार आजम खां का वॉयस सैंपल लेने पर लगी रोक हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करेगी। स्थानीय अदालत ने 29 अक्टूबर 2022 को रिकॉर्डिंग या सीडी से मिलान के लिए आजम खां की आवाज का नमूना लेने का आदेश दिया था, जिसे इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 25 जुलाई 2023 को बरकरार रखा था। इसके बाद 23 अगस्त 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने उस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी और उत्तर प्रदेश सरकार तथा संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया था। तब से इस मामले में ट्रायल आगे नहीं बढ़ सका है।

यह मामला अगस्त 2007 में धीरज कुमार शील ने टांडा थाने में दर्ज कराया था। इसमें आजम खां पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ कथित अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल और घृणास्पद तथा जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। मामले में एससी/एसटी एक्ट के साथ भारतीय दंड संहिता की धाराओं और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई हुई थी। 2009 में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद एमपी/एमएलए अदालत ने संज्ञान लिया था। सपा सरकार के दौरान आजम खां ने इस मुकदमे को वापस लेने का प्रयास भी किया था। मुकदमे के वादी धीरज शील की मृत्यु हो चुकी है।

गंज कोतवाली के जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में भी न्यायालय से दोबारा विवेचना के आदेश कराए गए हैं। आजम खां के अधिवक्ता नासिर सुल्तान का कहना है कि इस मुकदमे में कुछ गवाह पक्षद्रोही हो चुके हैं और मुकदमा झूठा है। उनके अनुसार आजम खां के खिलाफ न्यायालयों में चल रहे सभी मुकदमे राजनीतिक द्वेष के चलते कराए गए और झूठे हैं।