भारत ने राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत 14 साल की लड़कियों को एचपीवी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराकें दे दी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यह संख्या सालाना तय लक्ष्य का लगभग 87 प्रतिशत है और यह आंकड़ा नौ महीने से भी कम समय में हासिल हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि हर टीका लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाने और उनके स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक कदम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में इसे निवारक स्वास्थ्य सेवा की यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने उन सभी लोगों की सराहना की जिनके प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई।
देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत माता-पिता की सहमति से 14 साल की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त और स्वैच्छिक आधार पर टीके की एक खुराक दी जाती है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
