रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी सोमवार को काशी पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और मां अन्नपूर्णा मंदिर में विशेष पूजन कर एक करोड़ रुपये दान किए। इस दौरान उन्होंने अंबानी समूह की उन्नति के लिए प्रार्थना की और मंदिर के अन्नक्षेत्र में सहयोग का भरोसा दिया।
अनंत अंबानी शाम करीब साढ़े तीन बजे निजी विमान से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर सुरक्षा और प्रोटोकॉल की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता, एसडीएम पिंडरा कुंदन राज कपूर और चिकित्सा प्रभारी डा. शेर मोहम्मद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह दर्शन-पूजन के लिए रवाना हो गए।
बाबा विश्वनाथ मंदिर में अर्चक पं. टेकनारायण और पं. संजय पांडेय ने उन्हें पूजन-अर्चन कराया। बाबा का अभिषेक और आधे घंटे तक पूजन-अर्चन करने के बाद वह मां अन्नपूर्णेश्वरी धाम पहुंचे। वहां मां का षोडशोपचार पूजन और कुमकुमार्चन किया गया। अन्नपूर्णा मंदिर में दीपक शास्त्री, अर्जुन शास्त्री और पप्पू महाराज ने वैदिक विधि-विधान से पूजन कराया। अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम के 21 बटुकों ने सस्वर मंत्रोच्चार किया।
पूजन के बाद पप्पू महाराज ने उन्हें प्रसाद, मां की चुनरी और अन्नपूर्णेश्वरी का खजाना भेंट किया। इस दौरान अनंत अंबानी ने महंत स्वामी शंकर पुरी महाराज से मोबाइल पर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। प्रदीप श्रीवास्तव ने उनका स्वागत किया।
