सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि अभिभावक की नियुक्ति के मामले में नाबालिग की भलाई सर्वोपरि होती है और बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं होते। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने यह टिप्पणी तलाकशुदा दंपती के दो नाबालिग बेटों की अभिरक्षा से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए की।
शीर्ष अदालत ने मद्रास हाई कोर्ट के अक्टूबर 2024 के उस आदेश को चुनौती देने वाली मां की अपील पर सुनवाई की, जिसमें पारिवारिक अदालत के उस फैसले को बरकरार रखा गया था जिसमें लड़कों की अभिरक्षा पिता को दी गई थी। पीठ ने मद्रास हाई कोर्ट का फैसला पलटते हुए दोनों बेटों की कस्टडी मां को सौंप दी। अदालत ने कहा कि बच्चों को उनकी मां से अलग नहीं किया जाना चाहिए, जिनके साथ वर्षों में उनका स्वाभाविक और मजबूत जुड़ाव हो गया है। पीठ ने यह भी कहा कि दोनों लड़कों ने अपनी मां के साथ रहने की इच्छा जताई है।
अदालत ने कहा कि पिता भी अपने बच्चों का साथ पाने का हकदार है और उसे हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बच्चों से मिलने की अनुमति दी गई। पीठ ने कहा कि जब माता-पिता के परस्पर विरोधी दावे सामने आते हैं, तो मामले को केवल कानूनी नजरिये से नहीं देखना चाहिए, क्योंकि ऐसे मामलों में मानवीय पहलू भी प्रासंगिक होते हैं।
अदालत 16 और 14 वर्ष के दो लड़कों की मां की अपील पर सुनवाई कर रही थी। नाबालिगों के माता-पिता का विवाह अगस्त 2009 में हुआ था और दोनों लड़कों का जन्म क्रमशः जुलाई 2010 और मई 2012 में मदुरै में हुआ था। पति-पत्नी 2014 से अलग रह रहे हैं और 2018 में उनका विवाह-विच्छेद हो गया था। पीठ ने कहा कि तलाक के बाद भी मां ने अकेले बच्चों की परवरिश की है और ऐसा नहीं लगता कि उन्हें पर्याप्त प्यार और देखभाल नहीं मिली। मां अच्छे स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कर उनकी पढ़ाई का ध्यान रख रही हैं। अदालत ने यह भी माना कि बच्चों को पिता के प्यार और स्नेह से वंचित नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह उनके उचित और संतुलित विकास के लिए आवश्यक है। साथ ही कहा गया कि मां के मांगने पर पिता को बच्चों के भविष्य के शैक्षणिक खर्च में हिस्सा देने के लिए तैयार रहना चाहिए।
