नगर निगम गुरुग्राम शहर में लगे सभी आउटडोर विज्ञापनों का व्यवस्थित और अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करने के लिए विशेष सर्वेक्षण कराएगा। निगमायुक्त डॉ पंकज ने सोमवार को जारी निर्देशों में कहा कि शहर में मौजूद विज्ञापन स्थलों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए केवल पुराने रिकार्ड पर निर्भर न रहा जाए। निगम के छह जोन में भौतिक सर्वेक्षण कर प्रत्येक विज्ञापन स्थल की पहचान की जाएगी। इसमें यूनिपोल, वाल रैप, डिजिटल एवं एलईडी स्क्रीन, होर्डिंग, गैन्ट्री और अन्य आउटडोर विज्ञापन माध्यम शामिल होंगे।
सर्वेक्षण के दौरान विज्ञापन संरचना का प्रकार, पूरा पता, संबंधित सड़क और नजदीकी पहचान चिह्न का विवरण दर्ज करना होगा। सर्वेक्षण को प्रमाणिक बनाने के लिए प्रत्येक विज्ञापन स्थल की हालिया और स्पष्ट जियो-टैग्ड तस्वीरें भी अनिवार्य की गई हैं। तस्वीर में विज्ञापन संरचना के साथ आसपास का क्षेत्र भी दिखाई देना चाहिए। इसके साथ संबंधित स्थल के अक्षांश और देशांतर का विवरण भी रिपोर्ट में दर्ज करना होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर विज्ञापन स्थल की वास्तविक लोकेशन की पहचान की जा सके।
निगमायुक्त ने जोन-1 से जोन-6 तक के सभी संयुक्त आयुक्तों को सर्वेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें स्वयं निगरानी कर यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके क्षेत्र में कोई भी विज्ञापन स्थल सर्वेक्षण से छूटे नहीं। रिपोर्ट के साथ प्रत्येक संयुक्त आयुक्त को हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र भी देना होगा, जिसमें उन्हें प्रमाणित करना होगा कि उनके व्यक्तिगत पर्यवेक्षण में पूरे जोन का सर्वेक्षण कराया गया है और सभी विज्ञापन स्थलों को रिकार्ड में शामिल किया गया है।
सभी संयुक्त आयुक्तों को 27 नवंबर 2026 तक अपने-अपने जोन की सर्वेक्षण रिपोर्ट और हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र निगमायुक्त कार्यालय में जमा कराने होंगे। नगर निगम का उद्देश्य विज्ञापन स्थलों का व्यवस्थित और अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करना है। इस रिकार्ड के आधार पर निगम क्षेत्र में आउटडोर विज्ञापन माध्यमों की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
