गाजियाबाद के खोड़ा स्थित एक सिलाई फैक्ट्री और आसपास के इलाकों से पकड़े गए नौ संदिग्धों की नागरिकता पर संदेह गहरा गया है। जांच एजेंसियों की गहन पूछताछ में उनके भारतीय नागरिक होने का कोई ठोस और विश्वसनीय प्रमाण सामने नहीं आया है। शुरुआती जांच में उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज संदिग्ध पाए गए और बताए गए पतों की पुष्टि में भी कोई ठोस आधार नहीं मिला। इसके बाद पुलिस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजने की तैयारी कर रही है, ताकि संबंधित माध्यमों से आरोपितों की पृष्ठभूमि और बांग्लादेश की नागरिकता को लेकर औपचारिक पुष्टि की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपितों के दस्तावेजों, मोबाइल कॉल डिटेल, ठहरने के स्थानों और स्थानीय संपर्कों की बारीकी से छानबीन की जा रही है। खोड़ा की सिलाई फैक्ट्री में काम करने के अलावा खोड़ा तथा नोएडा के सेक्टर-58 और 62 में किराये के मकानों में रहने से जुड़े तथ्यों का भी सत्यापन किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर मकान मालिकों और फैक्ट्री संचालकों से भी पूछताछ की जा रही है, जिसमें यह पता लगाने का प्रयास हो रहा है कि आरोपितों को जिस ठेकेदार के जरिए लाया गया, उसने पहले कितने कर्मचारियों को काम पर रखा था।
मामले पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजकरन नैय्यर ने कहा कि पकड़े गए सभी नौ संदिग्धों से पूछताछ जारी है और विभिन्न एजेंसियां उनके दस्तावेजों व दावों का सत्यापन कर रही हैं। जांच के हर पहलू को गंभीरता से देखा जा रहा है और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
