लंबे समय से फ्लॉप फिल्मों के दौर से गुजर रहे अभिनेता गोविंदा के करियर में एक बड़ा मौका आने की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण की आगामी साइंस फिक्शन फिल्म 'राका' में नजर आएंगे। सियासेट डेली की रिपोर्ट के अनुसार यह गोविंदा का साउथ सिनेमा में पहला डेब्यू होगा। फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं और इसमें अल्लू अर्जुन तथा दीपिका पादुकोण पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
'राका' को भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है। गोविंदा के नाम जुड़ने की खबर के बाद फैंस की दिलचस्पी इसे लेकर और बढ़ गई है। हालांकि, गोविंदा इसमें कौन-सा किरदार निभा रहे हैं, इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है और मेकर्स की ओर से भी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिल्म में राम्या कृष्णन, योगी बाबू और जिम सर्भ के अलावा मृणाल ठाकुर, जाह्नवी कपूर और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिकाएं निभा रही हैं। शुरुआत में #AA22xA6 वर्किंग टाइटल के तहत घोषित इस फिल्म को मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर 'राका' नाम दिया है और अल्लू अर्जुन का फर्स्ट-लुक पोस्टर भी जारी किया है।
सितंबर 2026 में 'राका' की टीम ने रियल-टाइम में सबसे ज्यादा लोगों का मोशन-कैप्चर करने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था, जिसमें एक सीक्वेंस के लिए एक साथ 37 कलाकारों का मोशन-कैप्चर किया गया। हाल ही में अल्लू अर्जुन ने फिल्म के प्रमोशन से जुड़ी अपडेट्स में हो रही देरी पर बात की और फैंस से धैर्य रखने की अपील करते हुए बताया कि टीम दिसंबर 2026 में फिल्म की पहली झलक दिखाने की तैयारी कर रही है।
