वर्ष 1994 के रामपुर तिराहा कांड और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संघर्ष को अब बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। होटल उद्यमी देव रतूड़ी ने बताया कि उनकी फिल्म 'द उत्तराखंड स्टोरी' के जरिये रामपुर तिराहा कांड की सच्ची घटना को दर्शाया जाएगा। फिल्म में घटना के प्रत्येक पहलू और राज्य आंदोलन में अहम योगदान देने वाले लोगों के संघर्ष को शामिल किया जाएगा। यह प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म होगी।
बुधवार को देहरादून के रिंग रोड स्थित इंद्रप्रस्थ कालोनी की गली नंबर-9 में केमसोर स्टूडियोज एवं फिल्म प्रोडक्शन हाउस का शुभारंभ किया गया। देव रतूड़ी ने कहा कि फिल्म निर्माण के जरिये उत्तराखंड के लोग अपने महापुरुषों के संघर्ष और इतिहास से परिचित हो सकेंगे।
प्रोडक्शन हाउस में जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊंनी और हिंदी भाषा में फिल्में बनाई जाएंगी। इनमें प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण जीवन को विशेष स्थान दिया जाएगा। देव रतूड़ी ने कहा कि उत्तराखंड की फिल्में बालीवुड को टक्कर देंगी। स्टूडियो में कलाकारों को अभिनय की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी ने स्टूडियो का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह उत्तराखंडी फिल्मों के लिए बेहतर संस्थान साबित होगा। पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि इससे युवा कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा। इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, गीतकार मदन डुकलान, सच्चिदानंद सेमवाल, अभिनेता राम नेगी, अरुण डबराल आदि मौजूद रहे।
