भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह और पवन सिंह के रिश्ते को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। हाल ही में पवन सिंह ने सार्वजनिक मंच पर अक्षरा और उनके परिवार से माफी मांगी थी। उन्होंने अक्षरा की मां को अपनी भाभी कहा था। इसके बाद फैंस को उम्मीद थी कि दोनों के बीच पुरानी दूरियां कम हो सकती हैं।
एक इवेंट के दौरान अक्षरा सिंह से पवन सिंह के साथ दोबारा काम करने को लेकर सवाल पूछा गया। उनसे कहा गया कि पहले दोनों काफी करीब थे और साथ में कई गाने भी किए, लेकिन अब उनकी जोड़ी किसी नए प्रोजेक्ट में नजर नहीं आती। इस पर अक्षरा ने कहा, 'आपका बहुत शुक्रिया, आपसे बात करके बहुत अच्छा लगा।' इसके बाद उन्होंने इस मुद्दे पर ज्यादा कुछ नहीं कहा।
अक्षरा के जवाब के दौरान उनके चेहरे पर मुस्कान जरूर थी, लेकिन उनके हाव-भाव देखकर ऐसा लगा कि वह इस सवाल पर खुलकर बात नहीं करना चाहतीं। उन्होंने बिना बढ़ाए इसे वहीं खत्म करना बेहतर समझा।
पवन सिंह और अक्षरा सिंह ने भोजपुरी सिनेमा में साथ कई फिल्मों और गानों में काम किया है। पवन सिंह ने साल 2018 में ज्योति सिंह से शादी कर ली थी। इसके बाद अक्षरा ने पवन पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और करियर को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें कही थीं। कुछ समय पहले पवन सिंह ने एक कार्यक्रम में अक्षरा और उनके परिवार से माफी मांगते हुए अपनी पुरानी गलतियों पर अफसोस जताया था और मंच से दोनों के फिर साथ काम करने की बात भी कही थी।
