अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने इंटरनेशनल फीचर फिल्म, एनिमेटेड फीचर फिल्म और डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म श्रेणियों में विचार के लिए योग्य फिल्मों की घोषणा की है। इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी की 104 फिल्मों की सूची में भारत की 'गोंधल' को जगह मिली है। एकेडमी के मुताबिक, इस श्रेणी में इस बार अब तक की सबसे अधिक फिल्में योग्य पाई गई हैं। वहीं डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में 190 और एनिमेटेड फीचर श्रेणी में 38 फिल्में योग्य घोषित हुई हैं।

'गोंधल' को इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में जापान, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी और दक्षिण कोरिया जैसे देशों की फिल्मों से मुकाबला करना है। इस श्रेणी में जापान की 'ऑल ऑफ अ सडन', नेपाल की 'एलीफेंट्स इन द फॉग', पोलैंड की 'फादरलैंड', रोमानिया की 'फ्योर्ड', स्पेन की 'ला बोला नेग्रा', फ्रांस की 'मिनोटौर', दक्षिण कोरिया की 'पॉसिबल लव', ब्रिटेन की 'रिहर्सल्स फॉर अ रेवोल्यूशन' और पाकिस्तान की 'हैंगिंग बाय अ वायर' भी शामिल हैं। 'द हॉलीवुड रिपोर्टर' की एक रिपोर्ट के अनुसार, विभिन्न देशों और क्षेत्रों से 100 फिल्में भेजी गई थीं, जबकि चार अन्य फिल्मों ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में पुरस्कार जीतकर योग्यता हासिल की। इनमें कान फिल्म फेस्टिवल में 'पाल्मे डी'ओर' जीतने वाली रोमानिया की 'फ्योर्ड' भी शामिल है।

फिल्म निर्माता थेजा रियो की फिल्म 'अंग' ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में 'प्लेटफॉर्म अवार्ड' जीतकर इस दौड़ में अपनी जगह बनाई है। योग्यता सूची में शामिल होने के बाद 'गोंधल' और 'अंग' दोनों वोटिंग के शुरुआती दौर में हिस्सा ले सकती हैं। इसके बाद एकेडमी शॉर्टलिस्ट जारी करेगी, जिसके बाद अंतिम नामांकन तय किए जाएंगे।

ग्रामीण महाराष्ट्र पर आधारित 'गोंधल' एक ही रात की घटनाओं को दिखाती है। इसकी कहानी आधी रात को होने वाले पारंपरिक 'गोंधल' अनुष्ठान की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म अपनी कहानी के हिस्से के रूप में संगीत, नृत्य, पौराणिक कथाओं और धार्मिक परंपराओं को एक साथ लाती है।