बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी को एक उम्दा अदाकारा के रूप में जाना जाता है, लेकिन उन्होंने अपनी आवाज का जादू भी आजमाया था। 37 साल पहले यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म 'चांदनी' में श्रीदेवी ने अभिनय के साथ-साथ एक गाना भी गाया था। यह गाना था 'चांदनी ओ मेरी चांदनी', जिसे उन्होंने जॉली मुखर्जी के साथ अपनी आवाज दी थी। फिल्म में श्रीदेवी के अलावा ऋषि कपूर, विनोद खन्ना और वहीदा रहमान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में थे।
फिल्म के ज्यादातर गाने लता मंगेशकर और आशा भोसले जैसी गायिकाओं ने गाए थे, जबकि 'चांदनी ओ मेरी चांदनी' श्रीदेवी की आवाज में रिकॉर्ड किया गया था। इस गाने में वह ऋषि कपूर के साथ रोमांस करती नजर आती हैं और साथ ही खुद गाती भी हैं। गाने के बोल आनंद बक्शी ने लिखे थे और संगीत शिव-हरि ने तैयार किया था।
यह गाना रिलीज के समय चार्टबस्टर साबित हुआ और रेडियो पर खूब पसंद किया गया। 1989 में यह बिनाका गीतमाला की सूची में 12वें स्थान पर शामिल था। चार दशक के करीब समय बीतने के बाद भी यह गाना बॉलीवुड के कल्ट क्लासिक गानों में गिना जाता है और लोग इसे आज भी सुनते हैं। इस गाने की लोकप्रियता के चलते श्रीदेवी को 'चांदनी' के नाम से भी याद किया जाता है।
