मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए गुरुग्राम प्रशासन बरसाती पानी के संग्रहण पर जोर देगा। शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जलभराव के समाधान के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में निर्देश दिए गए कि बरसाती पानी को व्यर्थ बहने से रोककर जलाशयों और तालाबों में संग्रहित करने की व्यवस्था की जाए।

योजना के तहत वजीराबाद और घाटा गांव के जलाशयों की खोदाई कर उनकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ाई जाएगी। वजीराबाद में करीब आठ एकड़ में बने जलाशय के क्षेत्रफल में 10 से 12 एकड़ तक अतिरिक्त विस्तार की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। एंबियंस माल के नजदीक हरियाणा-दिल्ली सीमा पर पर्यटन विभाग की धनचिरी कैंप वाली जमीन पर तालाब विकसित करने की योजना पर भी काम होगा। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम की दोनों बड़ी पार्किंग और फुटबाल मैदान के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। ये कार्य जीएमडीए की ओर से कराए जाएंगे।

नगर निगम गुरुग्राम ने बैठक में बताया कि पिछले करीब 10 महीनों में 28 मौजूदा तालाबों को विकसित किया गया है। अब अगले वर्ष मानसून से पहले 28 अन्य तालाब विकसित करने की योजना है। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मिली 270 एकड़ जमीन पर तालाब या झील विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए। मानेसर नगर निगम ने कासन और नौरंगपुर गांव में तालाब विकसित करने के साथ 21 अन्य तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया है।

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर-29 के पार्किंग स्थलों के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाएं तलाशेगा। एचएसआइआइडीसी गुरुग्राम और मानेसर के बीच करीब 247 एकड़ जमीन पर बड़ा पार्क विकसित करने की योजना बना रहा है। डीएस ढेसी ने इस पार्क की योजना में जलाशय शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का संचयन किया जा सके। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके बेहेरा ने सुझाव दिया कि मानसून से पहले मौजूदा जलाशयों की खुदाई कर उनकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ाई जा सकती है। बैठक में जीएमडीए, मानेसर नगर निगम, एचएसवीपी और नगर निगम गुरुग्राम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।