खोड़ा स्थित आदर्श मॉर्डन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से स्कूल के बाहर की बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या का समाधान कराने की अपील कर रहे हैं। बच्चों का कहना है कि अब सब कुछ योगी जी के ऊपर है।
वार्ड-12 में स्थित स्कूल के बाहर की गली में काफी समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। आरोप है कि हाल ही में नगर पालिका परिषद की ओर से कराए गए पेयजल पाइपलाइन के काम में सड़क खोदकर पाइप डालने के बजाय सड़क के ऊपर ही खुले पाइप बिछा दिए गए हैं। इन पाइपों में फंसकर स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद में कई बार शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 28 नवंबर को प्रस्तावित स्कूल के वार्षिक आयोजन बाल मेला पर भी संकट मंडरा रहा है। विद्यार्थियों ने सीएम से 28 नवंबर से पहले गली का निर्माण कराने की अपील की है, ताकि वे सुरक्षित रास्ते से स्कूल आ-जा सकें और उनका बाल मेला भी आयोजित हो सके।
इस मामले में अवर अभियंता अनुज गोयल का कहना है कि सड़क का टेंडर हो गया है और सड़क निर्माण के बाद पाइपलाइन उसके नीचे हो जाएगी।
