गुरुग्राम के गांव घाटा में पाठशाला की आड़ में बच्चों को मतांतरण के लिए प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने प्रबीन को दिल्ली के बुराड़ी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रबीन 'पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ' के संचालन में अहम भूमिका निभा रहा था और करीब 20 साल पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई बना था। वह एनजीओ में 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहा था और एनजीओ संचालक डॉ. पीटर का रिश्ते में जीजा बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि प्रबीन शुरुआत में एनजीओ में साधारण वॉलंटियर के रूप में काम करता था और धीरे-धीरे डॉ. पीटर का विश्वास जीतकर पाठशालाओं की देखरेख और कामकाज संभालने लगा। 14 नवंबर को गांव घाटा की पाठशाला में मतांतरण के लिए प्रेरित करने का मामला सामने आया था, जहां से पुलिस ने मणिपुर और मिजोरम की रहने वाली चार महिलाओं को पकड़ा था। उनसे पूछताछ में डॉ. पीटर, उसकी पत्नी और अन्य लोगों की भूमिका सामने आई थी।
पूछताछ में घाटा गांव के अलावा दिल्ली के मुंडका इलाके में भी एनजीओ के माध्यम से पाठशाला चलाए जाने की जानकारी मिली है। इसी आधार पर गुरुग्राम पुलिस बृहस्पतिवार को मुंडका पहुंची और डॉ. पीटर की तलाश में छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पुलिस उसकी पत्नी की भी तलाश कर रही है और डॉ. पीटर की जल्द गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार प्रबीन करीब 15 साल पहले मणिपुर से दिल्ली आया था। डॉ. पीटर पहले दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत था और बाद में नौकरी छोड़कर निजी प्रैक्टिस शुरू करने के दौरान उसने यह एनजीओ बनाया। प्रारंभिक जांच में घाटा गांव में कार्यरत वॉलंटियर्स से जुड़े करीब 65 हजार रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि एनजीओ को पैसा कहां से मिलता था, उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में होता था और अब तक कितने लोगों को इस नेटवर्क के माध्यम से मतांतरण के लिए प्रेरित किया गया। एनजीओ के एफसीआरए के तहत पंजीकृत नहीं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार डॉ. पीटर की गिरफ्तारी के बाद ही एनजीओ के गठन, फंडिंग के स्रोत, खर्च और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आएगी।
