गाजियाबाद में हरनंदीपुरम योजना के पहले चरण का 47 हेक्टेयर लेआउट पास हो गया है। जीडीए वीसी नंद किशोर कलाल के मुताबिक योजना के रजिस्ट्रेशन के लिए यूपी रेरा में आवेदन किया जा चुका है और अधिकारियों का दावा है कि रेरा की अगली बैठक में मंजूरी मिलना तय है। रजिस्ट्रेशन के बाद ही प्रॉजेक्ट लॉन्च किया जाएगा।

पहले चरण में अलग-अलग आकार के कुल 96 आवासीय भूखंड लॉन्च होंगे। ये 420, 300 और 210 वर्ग मीटर के होंगे। इसके साथ दो ग्रुप हाउसिंग प्लॉट आरक्षित किए गए हैं, जिनमें जीएच1 का क्षेत्रफल 40,731 वर्ग मीटर और जीएच2 का क्षेत्रफल 53,184 वर्ग मीटर है। आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लिए कुल 1,650 यूनिट्स या भूखंड एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए तय किए गए हैं।

लेआउट में आम जनता की सुविधाओं और जरूरतों का बारीकी से खाका तैयार किया गया है। नियमों के मुताबिक लगभग 15 प्रतिशत यानी 37,669 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में पार्क और स्पोर्ट्स सेंटर सहित ग्रीन एरिया विकसित किया जा रहा है, जिसमें तीन अलग-अलग पार्क और रेजिडेंशियल प्लॉट के लिए स्पोर्ट्स सेंटर शामिल हैं।

योजना में शॉपिंग और वेंडिंग जोन की व्यवस्था भी की गई है। बच्चों की पढ़ाई के लिए हाई स्कूल की दो यूनिट, नर्सरी स्कूल की दो यूनिट और एक इंटर कॉलेज के लिए जमीन आरक्षित की गई है।