आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में वैश्विक स्तर पर 645वां स्थान हासिल किया है। 17 नवंबर 2026 को जारी इस रैंकिंग में संस्थान ने पिछले वर्ष के मुकाबले 27 स्थानों की छलांग लगाई है। संस्थान एशिया में 177वें और दक्षिणी एशिया में 31वें स्थान पर रहा।
क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालयों के पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभाव के साथ संस्थागत प्रशासन और सुशासन के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। आईआईटी-बीएचयू ने पर्यावरणीय प्रभाव श्रेणी में 67.7 अंक के साथ वैश्विक स्तर पर 437वां स्थान प्राप्त किया, जबकि सुशासन श्रेणी में 85.6 अंकों के साथ संस्थान 499वें स्थान पर रहा। पर्यावरण शिक्षा में 84.3 अंकों के साथ संस्थान को 217वां स्थान मिला और पर्यावरण अनुसंधान में 76.7 अंक हासिल हुए। सामाजिक प्रभाव के तहत रोजगार क्षमता एवं अवसरों के लिए 77.8 अंक तथा ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए 80.3 अंक मिले।
संस्थान ने अन्य रैंकिंग में भी सुधार दर्ज किया है। 3 नवंबर 2026 को जारी क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स एशिया 2027 में आईआईटी-बीएचयू 219वें स्थान पर रहा, जो पिछली रैंकिंग के 237वें स्थान से 18 पायदान का सुधार है। क्यूएस दक्षिणी एशिया रैंकिंग 2026 में संस्थान 38वें स्थान पर रहा, जबकि पिछली बार वह 49वें स्थान पर था। जून 2026 में जारी क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में संस्थान ने 510वां स्थान हासिल किया, जो पिछले वर्ष के 566वें स्थान से बेहतर है।
निदेशक एवं संस्थान की रैंकिंग समिति के अध्यक्ष प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि क्यूएस रैंकिंग में लगातार हो रहा सुधार शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और पूर्व विद्यार्थियों के सामूहिक समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश और एशिया के संस्थानों की बढ़ती भागीदारी के बावजूद आईआईटी-बीएचयू ने अपनी वैश्विक पहचान मजबूत की है। संस्थान बहुविषयक अनुसंधान, पर्यावरण शिक्षा, नवाचार और उद्योग जगत के सहयोग से संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में योगदान दे रहा है।
