पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही पुणे लौट आई। विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया। पायलट ने इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी, जिसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया था।
लैंडिंग से पहले विमान को रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि यह देखा जा सके कि लैंडिंग गियर ठीक से खुला है या नहीं। इसके बाद सुबह 9:04 बजे विमान को पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 पर ले जाया गया। जांच में विमान की स्थिति सुरक्षित पाए जाने के बाद सुबह 9:10 बजे इमरजेंसी हटा दी गई। इसके बाद विमान में एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, इंडिगो यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से दूसरा विमान पुणे भेजने की तैयारी कर रही थी। लैंडिंग गियर विमान के पहियों और उन्हें संभालने वाले हिस्से को कहते हैं, जिनकी मदद से विमान रनवे पर उतरता है और जमीन पर चलता है। उड़ान भरने के बाद ये पहिए विमान के अंदर चले जाते हैं, ताकि हवा में उड़ते समय रुकावट न हो, और उतरने से पहले इन्हें फिर बाहर निकाला जाता है। लैंडिंग गियर बाहर अटकने से उड़ान प्रभावित हो सकती थी और ईंधन की खपत भी बढ़ सकती थी, साथ ही सुरक्षित लैंडिंग को लेकर जोखिम था। इसलिए पायलट ने एहतियात के तौर पर उड़ान जारी रखने के बजाय विमान को पुणे वापस लाने का फैसला किया।
देश में पहले भी लैंडिंग गियर में खराबी की घटनाएं सामने आई हैं। अक्टूबर 2024 में त्रिची से शारजाह जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट का लैंडिंग गियर उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा सका था। उस विमान में 141 लोग सवार थे और हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी के कारण विमान करीब ढाई घंटे तक आसमान में चक्कर लगाता रहा, जिसके बाद उसे त्रिची एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया था। फरवरी 2017 में दिल्ली से कोच्चि जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 933 के पहिए उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा सके थे। जांच में पता चला था कि इंजीनियर लैंडिंग गियर में लगे सुरक्षा पिन निकालना भूल गए थे, जिसके चलते विमान को करीब 40 मिनट बाद दिल्ली वापस लाना पड़ा था। जुलाई 2016 में गया से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 433 के लैंडिंग गियर में तेल का रिसाव हो गया था, जिससे विमान के पहिए अंदर नहीं जा सके थे और उड़ान भरने के करीब 10 मिनट बाद ही विमान को गया एयरपोर्ट पर वापस उतारना पड़ा था।
