सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने भारत में अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम में बदलाव किया है। कंपनी के मुताबिक, अब यूजर्स को प्लेटफॉर्म पर अश्लील और हिंसक कंटेंट कम दिखाई देगा। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के नए और बेहतर मॉडल इस्तेमाल किए गए हैं, जो आपत्तिजनक कंटेंट की पहचान कर उसे यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही रिकमेंडेशन से हटा देंगे। Meta के अनुसार, ये बदलाव इंस्टाग्राम के रील्स, एक्सप्लोर और फीड सेक्शन में लागू किए गए हैं और इनका असर उन पोस्ट पर होगा, जिन्हें यूजर्स फॉलो नहीं करते, लेकिन एल्गोरिदम उन्हें रिकमेंड करता है। कंपनी ने साफ किया है कि यह कंटेंट पर पूरी तरह प्रतिबंध नहीं है। ऐसे पोस्ट प्लेटफॉर्म पर मौजूद रह सकते हैं, लेकिन उन्हें ज्यादा लोगों तक नहीं पहुंचाया जाएगा।
Meta ने बताया कि नए सिस्टम के कारण इंस्टाग्राम पर रिकमेंड किए जाने वाले कंटेंट को लेकर यूजर्स की शिकायतें एक साल पहले के मुकाबले आधी रह गई हैं। कंपनी का कहना है कि अब AI मॉडल खुद ही रिकमेंडेशन गाइडलाइंस के आधार पर पोस्ट की जांच करते हैं और इसके लिए यूजर्स की शिकायत का इंतजार नहीं किया जाता। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि नए सिस्टम के तहत कितने पोस्ट फिल्टर किए गए हैं और शिकायतों में कमी का आंकड़ा किस तरीके से निकाला गया है।
भारत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के एल्गोरिदम को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। 10 अक्टूबर को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने Meta को एडवाइजरी जारी कर अपने रिकमेंडेशन सिस्टम की समीक्षा करने को कहा था। सरकार ने निर्देश दिया था कि भ्रामक, एडिटेड और संदर्भ से हटकर पेश की गई सामग्री को एल्गोरिदम के जरिए जरूरत से ज्यादा प्रचारित न किया जाए। हालांकि, Meta ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इंस्टाग्राम में किए गए नए बदलाव सरकार की एडवाइजरी के कारण किए गए हैं या नहीं।
इंस्टाग्राम पर यूजर्स के पास अपनी पसंद के हिसाब से कंटेंट नियंत्रित करने के विकल्प भी हैं। सेंसेटिव कंटेंट कंट्रोल फीचर की मदद से यूजर्स सर्च, रील्स और एक्सप्लोर में संवेदनशील कंटेंट कम कर सकते हैं। इसके अलावा 'नॉट इंटरेस्टेड' विकल्प से किसी पोस्ट को कम दिखाने का संकेत दिया जा सकता है और हिडन वर्ड्स फीचर के जरिए आपत्तिजनक शब्दों व कमेंट्स को फिल्टर किया जा सकता है। किसी अकाउंट को ब्लॉक करने पर वह यूजर प्रोफाइल देखने और मैसेज भेजने से रोका जा सकता है। किशोरों के लिए इंस्टाग्राम ने टीन अकाउंट्स की सुविधा दी है, जिसके तहत कम उम्र के यूजर्स को 13+ कंटेंट सेटिंग में रखा जाता है और उम्र के हिसाब से कंटेंट दिखाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा नियम लागू होते हैं। Meta का कहना है कि वह यूजर्स की प्रतिक्रिया और बदलती तकनीक के आधार पर अपने AI सिस्टम को लगातार बेहतर बनाएगा।
