त्वचा पर लगातार खुजली होने की समस्या को प्रुरिटस कहा जाता है। यह केवल सामान्य खुजली नहीं है, बल्कि स्किन एलर्जी, ड्राईनेस या इन्फेक्शन के कारण भी हो सकती है। कुछ मामलों में लिवर की समस्या, थायरॉइड या डायबिटीज में भी ऐसा देखा गया है। तलवों में खुजली होने पर इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।

गर्म पानी से नहाना, केमिकल वाले साबुन का इस्तेमाल, एक्जीमा या सोरायिस जैसी स्किन डिजीज से त्वचा की ड्राईनेस बढ़ सकती है और खुजली हो सकती है। सही नाप के जूते न पहनने पर भी स्किन के ड्राई होने और फटने का खतरा रहता है। पैरों में लगातार पसीना बने रहने से एथलीट्स फुट जैसे फंगल इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, जो गर्म और नमी वाले वातावरण में पनपता है। सार्वजनिक स्वीमिंग पूल का इस्तेमाल भी इस इन्फेक्शन का कारण बन सकता है।

कई महिलाओं को प्रेग्नेंसी के दौरान पैर, हाथ और पेट पर खुजली महसूस होती है। डायबिटीज की वजह से होने वाली पेरीफेरल न्यूरोपैथी या नर्व से जुड़े अन्य डिसऑर्डर में रात के समय पैरों के तलवों में खुजली हो सकती है। ठंडे मौसम से एलर्जी वाले लोगों के पैरों के अंगूठे और उंगलियों में रेड पैचेस या सूजन के साथ तेज खुजली भी हो सकती है। कुछ पेन किलर्स, हाई ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल की दवाइयां भी पैरों में खुजली का कारण बन सकती हैं।

पैरों को साफ और मॉइश्चराइज रखने से खुजली से राहत मिल सकती है। अगर इन सावधानियों के बावजूद खुजली बनी रहती है तो डॉक्टरी सलाह जरूर लें, क्योंकि यह किसी बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसका तत्काल उपचार जरूरी है।