भारत में 15 से 59 वर्ष के लोगों के मृत्यु आंकड़ों पर आधारित एक अध्ययन में पाया गया है कि परिवार की आर्थिक स्थिति जीवित रहने की संभावना को जाति और धर्म से अधिक प्रभावित करती है। डेमोग्राफिक रिसर्च जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन को मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर डेमोग्राफिक रिसर्च के मोरध्वज धाकड़ और IIPS की नंदिता सैकिया ने किया। शोधकर्ताओं ने NFHS के 1998-99, 2015-16 और 2019-21 के तीन दौर के आंकड़ों का विश्लेषण किया।

आंकड़ों के मुताबिक, सबसे गरीब परिवारों में प्रति 1000 पुरुषों पर कामकाजी उम्र में मृत्यु की संभावना 280 थी, जबकि सबसे अमीर परिवारों में यह 158 रही। महिलाओं में यह आंकड़ा क्रमशः 157 और 87 था। जाति, धर्म, ग्रामीण-शहरी निवास और राज्यों के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी आर्थिक स्थिति का असर बना रहा। सबसे अमीर 20 फीसदी परिवारों के पुरुषों में मृत्यु का जोखिम सबसे गरीब 20 फीसदी के पुरुषों की तुलना में 62 फीसदी कम था, जबकि महिलाओं में यह अंतर 42 फीसदी रहा।

2019-21 के आंकड़ों में अनुसूचित जाति के पुरुषों में मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 256 और अनुसूचित जनजाति के पुरुषों में 254 रही, जबकि ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों में यह 197 थी। अनुसूचित जाति की महिलाओं में आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखने के बाद भी ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं की तुलना में मृत्यु का जोखिम 19 फीसदी अधिक पाया गया। अध्ययन के मुताबिक, तीनों सर्वेक्षण दौर में मुस्लिम पुरुषों में ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों की तुलना में वयस्क मृत्यु का जोखिम लगातार कम रहा। 2019-21 में आर्थिक स्थिति, निवास स्थान और राज्य के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी मुस्लिम पुरुषों में यह जोखिम 21 फीसदी कम था। शोधकर्ताओं ने इसके संभावित कारणों में मुस्लिम वयस्कों में शराब का कम सेवन और कई राज्यों में मुस्लिम आबादी का अधिक शहरीकरण बताया है। मुस्लिम महिलाओं और ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं के मृत्यु जोखिम में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं पाया गया।

अध्ययन में यह भी सामने आया कि पिछले दो दशक में महिलाओं की वयस्क मृत्यु दर में पुरुषों की तुलना में तेजी से सुधार हुआ है। 1998-99 में 15 से 59 वर्ष की महिलाओं की मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 208 थी, जो 2019-21 में घटकर 125 रह गई, यानी करीब 40 फीसदी की कमी। इसी अवधि में पुरुषों की मृत्यु की संभावना 268 से घटकर 221 हुई। हालांकि, पुरुषों की वयस्क मृत्यु दर 2015-16 से 2019-21 के बीच 209 से बढ़कर 221 हो गई। शोधकर्ताओं ने इसका बड़ा कारण कोरोना महामारी के दौरान पुरुषों की अतिरिक्त मौतों और कामकाज से जुड़ी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों को बताया है।