विदेश मंत्री एस जयशंकर ने टोक्यो में रायसीना टोक्यो डायलॉग्स के तीसरे संस्करण में भारत से जुड़ने जा रहे जापानी नागरिकों को पांच मूलमंत्र दिए। उन्होंने कहा कि इन बातों का ध्यान रखने से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।

जयशंकर ने कहा कि जापानी मित्रों को भारत में 2014 के बाद हो रहे बदलावों को समझना चाहिए। हाईवे, पोर्ट, एयरपोर्ट, रेलवे और एनर्जी सेक्टर में हुए विकास से भारत में व्यापार करना आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत को लेकर पुरानी धारणाएं छोड़कर नई तस्वीर के साथ देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण भारत वैश्विक बाजार के लिए उत्पादन का बड़ा केंद्र बन गया है और जापानी कंपनियों को भारत के विशाल घरेलू बाजार का भी लाभ मिल रहा है।

विदेश मंत्री ने भारत की स्टार्टअप और इनोवेशन संस्कृति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में सॉफ्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन विकास पर काम हुआ है, शैक्षणिक संस्थानों की संख्या लगभग दोगुनी हुई है और स्किलिंग पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को भविष्य आधारित बनाने पर जोर देते हुए एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों, ICT, स्वच्छ ऊर्जा और फार्मास्यूटिकल्स में सहयोग की संभावनाएं बताईं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में भारतीयों की दिलचस्पी का जिक्र करते हुए जापानी कंपनियों से इस पर ध्यान देने को कहा।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और भरोसेमंद साझेदारियों पर जोर देते हुए जयशंकर ने कहा कि ऐसी नीतियां और ढांचे तैयार करने होंगे जो दोनों देशों को करीब से काम करने में सक्षम बनाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कृति और भाषा के क्षेत्र में आपसी आदान-प्रदान बढ़ाकर लोगों को जोड़ने के प्रयास होने चाहिए। टोक्यो में आयोजित यह कार्यक्रम नई दिल्ली के रायसीना डायलॉग्स का अंतर्राष्ट्रीय विस्तार है, जिसमें दोनों देशों के संबंध मजबूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को मुक्त रखने पर चर्चा हो रही है।