जींद के सफीदों रोड पर ओवरब्रिज के पास स्थित एक लग्जरी स्पा सेंटर में कथित तौर पर देह व्यापार चलने का भंडाफोड़ हुआ है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम सूचना के आधार पर छापेमारी की, जिसमें छह महिलाओं सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम को देखकर कुछ महिलाएं बेडशीट ओढ़कर भागने लगीं, जबकि युवक अपना चेहरा छिपाते नजर आए।
पुलिस के अनुसार, डीएसपी ऋषभ सोढ़ी के नेतृत्व में छापामार टीम बनाई गई थी, जिसमें सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार और महिला थाना प्रभारी पूजा शामिल थीं। एक अधिकारी को फर्जी ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया। रेट तय होने और इशारा मिलते ही टीम ने स्पा सेंटर पर दस्तक दी। तलाशी के दौरान वहां बने केबिन में चार महिलाएं और चार युवक आपत्तिजनक हालत में मिले, जबकि दो अन्य महिलाएं भी वहां मौजूद थीं।
पूछताछ में सामने आया कि स्पा सेंटर से बरामद महिलाएं हरियाणा के रोहतक, उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली की रहने वाली हैं। इन महिलाओं को होटल में काम दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया था और फिर मसाज की आड़ में उनसे देह व्यापार करवाया जा रहा था। मौके से पकड़े गए लोगों की पहचान स्पा सेंटर के मैनेजर रवि वर्मा, आशीष, सुमित, विनोद और गोदिया के रूप में हुई।
थाना प्रभारी मनीष कुमार के अनुसार, स्पा सेंटर संचालक समेत 13 लोगों के खिलाफ वेश्यावृत्ति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में स्पा सेंटर के मालिक मोनू और दीपक तथा मैनेजर रवि समेत पकड़े गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पकड़े गए युवकों के परिजनों को रात में थाने बुलाया गया, जिसके बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। मैनेजर रवि वर्मा ने बताया कि स्पा सेंटर मोनू और दीपक जोगी चलाते हैं, और पुलिस इन दोनों की तलाश कर रही है।
