जम्मू में जेकेएसएसबी की अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा में कथित नकल करवाने के मामले में जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। जम्मू पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार सरकारी कर्मचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि इन कर्मचारियों की भूमिका परीक्षा केंद्रों से प्रश्नपत्र बाहर पहुंचाकर कारों में बैठे युवकों तक देने की थी। आरोप है कि इसके बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई थी।
पुलिस ने पहले तीन परीक्षा केंद्रों के बाहर से आठ युवकों को गिरफ्तार किया था। इन युवकों की योजना इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिये परीक्षा केंद्रों के अंदर बैठे छह अभ्यर्थियों तक प्रश्नों के उत्तर पहुंचाने की थी। जांच के दौरान एक अन्य परीक्षा केंद्र के बाहर भी इसी तरह का नेटवर्क सक्रिय होने का पता चला है, जहां से भी कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है, जो कथित तौर पर नकल करवाने के बदले ली जानी थी। दोमाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि नकल के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कुछ दिन पहले ही खरीदे गए थे। इन उपकरणों की खासियत है कि ये 200 से 300 मीटर के दायरे में आपस में जुड़े रह सकते हैं। पुलिस अब इनकी खरीद के स्रोत और अभ्यर्थियों तक इन्हें पहुंचाने की योजना का पता लगा रही है। पूरे नेटवर्क में परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गई थीं। बाहर मौजूद सदस्य प्रश्नों के उत्तर तैयार कर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिये अंदर बैठे अभ्यर्थियों तक पहुंचाने वाले थे, जबकि कुछ सरकारी कर्मचारियों की भूमिका प्रश्नपत्र बाहर पहुंचाने की थी।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को आयोजित परीक्षा में नकल करवाने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आठ वायरलेस सेट, करीब 22 मोबाइल फोन और पांच चारपहिया वाहन बरामद किए थे। एसएसपी जम्मू की देखरेख में एसडीपीओ दोमाना के नेतृत्व में गठित एसआईटी मामले की जांच कर रही है।
