कानपुर में विमर्श मंच पर नागरिकों ने शहर की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से सीधे सवाल किए। बिजली, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई और अधिकारियों ने समाधान का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में केस्को एमडी नेहा जैन, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) संतोष कुमार मिश्र और सीडीओ अभिनव जे जैन मौजूद रहे। विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और प्रबुद्ध जनों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान के सुझाव भी दिए। सीडीओ ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए विकास के विजन पर चर्चा की।

केस्को एमडी ने बिजली कनेक्शन, बिलिंग, ऑनलाइन भुगतान और उपभोक्ता सुविधाओं से जुड़े सवालों के जवाब दिए। अपर पुलिस आयुक्त ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के कारोबार और यातायात व्यवस्था पर पुलिस की कार्ययोजना बताई।

नागरिकों ने नए बिजली कनेक्शन के आवेदन निरस्त होने, अंडरग्राउंड लाइन के बाद भी खंभे रहने, सड़क पर खंभों और ट्रांसफार्मर से दुर्घटना का खतरा तथा भुगतान के बाद पैसा खाते में जमा न होने जैसी समस्याएं उठाईं। अधिकारियों ने इनके समाधान का आश्वासन दिया और जनभागीदारी से शहर की तस्वीर बदलने पर जोर दिया।