कानपुर के बर्रा-चार में बुधवार रात एक 28 वर्षीय युवक ने पत्नी और डेढ़ साल की बेटी से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।
गोविंद नगर के बर्रा-चार स्थित एक फ्लैट में रहने वाला शिवांशु प्रताप सिंह निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह कानपुर देहात के डेरापुर स्थित उरसान गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ज्ञान प्रताप सिंह का छोटा बेटा था और पत्नी शैलवी तथा बेटी इवांशी के साथ रहता था। बुधवार को वह अपने बड़े भाई विमल के साथ गांव से लौटा था। विमल उसे फ्लैट पर छोड़कर अपने घर चले गए।
इसके बाद शिवांशु ने मायके सिकंदरा गई पत्नी को वीडियो कॉल किया और काफी देर बात की। बेटी से बातचीत के आखिर में उसने कहा, “आइ लव यू बाबू, अपना ख्याल रखना और मम्मा को परेशान मत करना... ओके बाय।” कॉल कटने के करीब एक घंटे बाद पत्नी ने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसने जेठ विमल को सूचना दी।
विमल फ्लैट पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो शिवांशु का शव पंखे से चादर के बने फंदे पर लटका मिला। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। मोबाइल की जांच और स्वजन से पूछताछ की जा रही है।
इसी दिन शहर में दो अन्य आत्महत्या की घटनाएं भी सामने आईं। बाबूपुरवा के बगाही स्थित चुन्नन बिल्डिंग में रहने वाली 55 वर्षीय किरन उर्फ बड़ी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। छोटी बहन गुड़िया के अनुसार, घटना के समय किरन कमरे में अकेली थीं और वह मुहल्ले में चल रहे श्याम महोत्सव कार्यक्रम में गई थीं। पड़ोसियों ने बाबूपुरवा पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की। गुड़िया ने बताया कि किरन के पति गुड्डू का कई साल पहले निधन हो गया था और दोनों बेटियों की शादी के बाद से किरन गुड़िया के साथ रहती थीं। गुड़िया के अनुसार, किरन शराब की लती थीं और उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी।
बिठूर के बैकुंठपुर निवासी संजय त्रिवेदी प्राइवेट कर्मी हैं। उनकी 19 वर्षीय बेटी श्रद्धा बीफार्मा की छात्रा थी। बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे पारस हास्पिटल ले गए, जहां कुछ देर चले इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया, स्वजन इसका कारण नहीं बता सके। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि छात्रा ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
