नई दिल्ली के कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन पर एस्केलेटर के पास एक गाय दिखाई देने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में गाय एस्केलेटर के करीब खड़ी नजर आ रही है, जबकि पास की सीढ़ियों से उतरते दो यात्री हैरानी से उसकी ओर देखते दिख रहे हैं।

यह तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतीक सैनी नाम के एक यूजर ने साझा की है। यूजर ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के आसपास यह सब क्या हो रहा है।

तस्वीर के इंटरनेट पर सामने आने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ यूजर्स ने इस अप्रत्याशित घटना पर चुटकी ली, वहीं कई लोगों ने मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए कि आखिर कोई जानवर स्टेशन के प्रवेश द्वार के इतने करीब कैसे पहुंच गया।

मामले पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी है। DMRC ने आश्वासन दिया है कि स्टेशन स्टाफ को आवारा जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए फिर से सतर्क कर दिया गया है और स्टेशन परिसर से आवारा जानवरों को दूर रखने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।